Homeराज्य समाचारएसीएसआईआर साइंस क्लब द्वारा भापेसं में “आगाज़ 4.0” का आयोजन

एसीएसआईआर साइंस क्लब द्वारा भापेसं में “आगाज़ 4.0” का आयोजन

देहरादून। सीएसआईआर–भारतीय पेट्रोलियम संस्थान (सीएसआईआर – भापेसं), देहरादून के एसीएसआईआर साइंस क्लब द्वारा 27 मार्च,2026 को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में “आगाज़ 4.0” का सफल आयोजन किया गया, जिसमें संस्थान के वैज्ञानिक समुदाय की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 का विषय (थीम) “विज्ञान में महिलाएँ: विकसित भारत की उत्प्रेरक” भारत के वैज्ञानिक, प्रौद्योगिकीय एवं नवाचार परिदृश्य को आकार देने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।

इस कार्यक्रम का शुभारंभ छात्र समन्वयक द्वारा स्वागत उद्बोधन एवं तत्पश्चात पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत सीएसआईआर-भापेसं के निदेशक, डॉ. हरेंद्र सिंह बिष्ट ने सभा को संबोधित करते हुए भविष्य के निर्माण में वैज्ञानिक नवाचार तथा सहयोगात्मक अनुसंधान के महत्व पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, प्रो. मनोज कुमार धर, निदेशक, एसीएसआईआर की गरिमामयी उपस्थिति ने इस अवसर को और अधिक समृद्ध बनाया। उन्होंने अपने व्याख्यान में, जिसका शीर्षक “भविष्य के शोधकर्ताओं, नवप्रवर्तकों, उद्यमियों एवं राष्ट्रनिर्माताओं का निर्माण” था, में सहयोग की आवश्यकता, बहुविषयक दृष्टिकोण को अपनाने तथा प्रभावी संप्रेषण के लिए स्पष्टता एवं गहरी रूचि के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को एसीएसआईआर द्वारा आई-पीएचडी (iPhD) एवं अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से उपलब्ध नए अवसरों की भी जानकारी दी। सत्र का समापन डॉ. हेमंत कुलकर्णी, प्रमुख, एससीडीडी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

इस कार्यक्रम में लगभग 200 प्रतिभागियों ने प्रतिभागिता की, जिन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक कौशल का प्रदर्शन किया, जिसमें “आत्मनिर्भर भारत”थीम पर रंगोली, “प्रकृति के रूप: प्राकृतिक सौन्दर्य की खोज” विषय पर फोटोग्राफी, तथा “संवहनीय ऊर्जा के विकास की दिशा में भारत की प्रगति” विषय पर ग्राफिकल एब्स्ट्रैक्ट शामिल थे। पूरे दिन, शोधार्थियों द्वारा तैयार की गई प्रदर्शनी दीर्घाओं ने आगंतुकों का व्यापक ध्यान आकर्षित किया।

भोजनावकाश के उपरांत आयोजित सत्रों में विज्ञान प्रश्नोत्तरी और डम्ब शराड्स जैसी रोचक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनके बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित करने हेतु पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं सायंकालीन रंगारंग कार्यक्रम के आयोजन के साथ हुआ, जिसने प्रतिभागियों के बीच एकता और रचनात्मकता की भावना को प्रोत्साहित किया।

“आगाज़ 4.0” ने शोधकर्ताओं, छात्रों और कर्मचारियों को एक साथ आने, विज्ञान का उत्सव मनाने तथा अंतःविषयी सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान किया। इस कार्यक्रम को इसके सुव्यवस्थित आयोजनएवं सक्रिय सहभागिता के लिए अत्यधिक सराहा गया, जो सीएसआईआर- भापेसं के गत्यात्मक शैक्षणिक वातावरण को दर्शाता है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News