कंगना रनौत के मंदिर दर्शन के वीडियो पर भ्रामक पोस्ट डालना पड़ा भारी, राजपुर थाने में FIR दर्ज
सोशल मीडिया पर कंगना रनौत को लेकर भ्रामक प्रचार, देहरादून में IT एक्ट और BNS की धाराओं में केस दर्ज
कंगना रनौत के मंदिर वीडियो पर भ्रामक कैप्शन फैलाने वालों के खिलाफ राजपुर थाने में FIR
भाजपा महिला मोर्चा की तहरीर पर IT एक्ट और BNS की कई धाराओं में मुकदमा; एसएसपी के निर्देश पर जांच शुरू, जल्द कार्रवाई का दावा
देहरादून (अंतिम दूत ब्यूरो): थाना राजपुर में भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा की तहरीर पर एक मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि सांसद कंगना रनौत के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना के एक पुराने वीडियो को सोशल मीडिया पर झूठे और भ्रामक कैप्शन, पोस्ट, रील और टिप्पणियों के साथ प्रसारित किया जा रहा है।
तहरीर के अनुसार, वीडियो में यह मिथ्या तथ्य फैलाया जा रहा है कि सांसद ने 29 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु के लिए करवा चौथ का वैवाहिक व्रत रखा था। शिकायतकर्ता का कहना है कि इससे महिला सांसद की गरिमा और सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है, महिलाओं के प्रति अपमानजनक दृष्टिकोण को बढ़ावा मिल रहा है तथा हिंदू मंदिर में पूजा को गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर करवा चौथ जैसी पवित्र धार्मिक परंपरा का मजाक उड़ाया जा रहा है।
थाना राजपुर ने उक्त तहरीर पर मुकदमा संख्या 275/2026 दर्ज किया है। इसमें सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C)/66(D) के साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1), 196(2), 299, 3(5), 318(4), 336(3), 340(2), 352, 353(2), 353(3), 356(1), 356(2), 61(2) और 79 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विवेचना प्रभारी निरीक्षक डालनवाला को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि भ्रामक वीडियो फैलाने वाली अज्ञात सोशल मीडिया आईडी की पहचान की जा रही है और जल्द ही संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

