महिला अपराधों के मुद्दे पर महिला कांग्रेस का भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, फूंका पुतला
कांग्रेस ने महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर सरकार को घेरा: ज्योति रौतेला बोलीं- बेटियों को न्याय कब मिलेगा?




महिला कांग्रेस ने भाजपा नेता से जुड़े नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ के मामले में देहरादून में फूंका पुतला
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के साथ लगातार हो रही दुष्कर्म, छेड़छाड़, उत्पीड़न एवं हत्या की घटनाओं ने देवभूमि उत्तराखंड को शर्मसार कर दिया है। भाजपा सरकार महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन वास्तविकता यह है कि प्रदेश की बेटियां आज अपने ही राज्य में सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं।
ज्योति रौतेला ने कहा कि उत्तराखंड में महिला अपराधों से जुड़े अनेक गंभीर मामले सामने आए हैं। हल्द्वानी में नाबालिग छात्रा द्वारा एबीवीपी से जुड़े छात्र नेता पर दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। पिथौरागढ़ की नन्ही परी के माता-पिता आज भी न्याय की आस लगाए बैठे हैं। चंपावत में भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल सिंह रावत के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ। भाजपा प्रदेश ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी रहे तथा राज्य ओबीसी आयोग के सदस्य आदित्य राज सैनी से जुड़ा मामला भी सामने आया। हरिद्वार में 13 वर्षीय बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म एवं हत्या का मामला दर्ज हुआ।
उन्होंने आगे कहा कि अल्मोड़ा के भाजपा मंडल अध्यक्ष भगवत सिंह बोहरा के विरुद्ध 14 वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज हुआ तथा वर्ष 2024 में गिरफ्तारी हुई। भाजपा नेता दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा पर एक महिला एवं उसकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ के आरोप में मामला दर्ज हुआ। भाजपा के पूर्व विधायक महेश सिंह नेगी पर महिला से छेड़छाड़ तथा पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर दुष्कर्म के आरोपों से जुड़े मामले सामने आए। हरिद्वार में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष द्वारा अपनी नाबालिक बेटी के साथ बलात्कार करवाने एवं उसकी गिरफ्तारी का मामला भी बेहद गंभीर है। भाजपा नेता संजय गुप्ता पर भी महिला कार्यकर्ता के साथ दुष्कर्म एवं यौन शोषण के आरोप लगाए गए हैं। इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच और पीड़ितों को न्याय मिलना आवश्यक है।
ज्योति रौतेला ने मंत्री रेखा आर्य के पति से जुड़े पारिवारिक विवाद और संपत्ति संबंधी आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता को इन गंभीर सवालों पर भी स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए।
उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा विधायक दिलीप रावत द्वारा अंकिता के माता-पिता को सरकार से मिली आर्थिक सहायता वापस कर देने संबंधी बयान देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और संवेदनहीन है। उन्होंने कहा कि हम उस आर्थिक सहायता राशि को लौटाने के लिए भी तैयार हैं, लेकिन सरकार पहले अंकिता भंडारी को न्याय दिलाए। इस हत्याकांड के सभी दोषियों और कथित वीआईपी की निष्पक्ष जांच कर उन्हें कानून के अनुसार कठोरतम सजा दिलाई जाए। अंकिता के माता-पिता आज भी न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है।ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदेश में लगातार सामने आ रही महिला अपराधों की घटनाओं से आम जनता में भय और आक्रोश का माहौल है। भाजपा सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? केवल बयान देने और महिला सुरक्षा के दावे करने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती, बल्कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी पड़ती है।उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ के मामले में एबीवीपी से जुड़े व्यक्ति का नाम सामने आने के बाद महिला कांग्रेस ने आज देहरादून स्थित एस्टली हॉल में विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार एवं संबंधित आरोपी के खिलाफ पुतला दहन किया। महिला कांग्रेस ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़िता को न्याय एवं सुरक्षा प्रदान की जाए।
इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष नजमा खान, महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा, प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रकला नेगी, जिला अध्यक्ष पूनम सिंह, प्रदेश सचिव रेखा ढींगरा, महासचिव सुशील शर्मा, अनुराधा तिवारी, गीतिका सरकार, गीता सैनी, अंजना, संतोष, कुसुम, अंजलि सहित अनेक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

