Homeराज्य समाचारउत्तराखंडगणेश गोदियाल से प्रीतम सिंह तक, न्याय यात्राओं में कांग्रेस के दिग्गजों ने...

गणेश गोदियाल से प्रीतम सिंह तक, न्याय यात्राओं में कांग्रेस के दिग्गजों ने दिखाई ताकत: उमड़ा जनसैलाब

 

‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान से कांग्रेस ने तेज की सियासी जंग, चारों दिशाओं में निकलीं न्याय यात्राएं

न्याय यात्राओं के जरिए कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, भाजपा सरकार को घेरने सड़कों पर उतरे दिग्गज नेता

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा संचालित ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के अंतर्गत प्रदेश की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित न्याय यात्राओं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम जनता की भारी भागीदारी देखने को मिल रही है। प्रदेश के चारों दिशाओं में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं। इन कार्यक्रमों में उमड़ रहा जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार से छुटकारा चाहती है। भंडारी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में चौबट्टाखाल विधानसभा की सतपुली, यमकेश्वर विधानसभा के दुगड्डा और कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्राओं का नेतृत्व किया गया। इन कार्यक्रमों में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया।
इसी क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व मंत्री एवं तिलक राज बेहड , विधायक आदेश चौहान, विधायक तथा विधायक गोपाल राणा सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने रुद्रपुर, गदरपुर, बाजपुर, काशीपुर एवं जसपुर विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्राओं के माध्यम से भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। इन कार्यक्रमों में कांग्रेस नेताओं ने जनता के समक्ष सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रदेश एवं देश के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।वहीं, प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने चकराता विधानसभा क्षेत्र में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि जनता एकजुट होकर भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों में लिप्त भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाने और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
हरिद्वार जनपद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भी पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में न्याय यात्राओं का आयोजन किया गया। खानपुर , झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्रों में निकाली गई न्याय यात्रा में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और भाजपा सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी श्री सुरेंद्र शर्मा भी उपस्थित रहे। वहीं, ऊधम सिंह नगर जनपद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी श्री मनोज यादव ने कार्यक्रमों में सहभागिता कर संगठन को मजबूती प्रदान की। भंडारी ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र, मताधिकार और आम जनता के अधिकारों की रक्षा का व्यापक जनआंदोलन है। भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आज देश और प्रदेश का आम नागरिक महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है। महिला अपराधों में बढ़ती चिंता, युवाओं के भविष्य पर संकट, भर्ती घोटालों के आरोप, पलायन, बिगड़ती कानून व्यवस्था, चरमराती स्वास्थ्य सेवाएं और अग्निवीर जैसी योजनाओं को लेकर युवाओं में असंतोष व्याप्त है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार सरकारी भूमि और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति गंभीरता दिखाने में विफल रही है। प्रदेश की बहुमूल्य भूमि और संसाधनों को लेकर उठ रहे सवालों का सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने जिन उम्मीदों के साथ भाजपा को सत्ता सौंपी थी, उन उम्मीदों पर सरकार खरी नहीं उतर पाई है।
श्री भंडारी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहा है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित न्याय यात्राओं को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्साह को बढ़ा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाते हुए भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपना संघर्ष और तेज करेगी।
भंडारी ने अंत में कहा कि कांग्रेस पार्टी का लक्ष्य लोकतंत्र की रक्षा, जनता के अधिकारों की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, महिलाओं को न्याय तथा उत्तराखंड को भ्रष्टाचार और कुशासन से मुक्त कराना है। कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ जनता के बीच रहकर इस अभियान को सफल बनाएंगे।

Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News