सतर्कता विभाग की ट्रैप टीम ने जिला अस्पताल के ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अंकुर ठाकुर को पकड़ा
देहरादून/रुद्रप्रयाग। सतर्कता विभाग के टोल फ्री नंबर 1064 पर प्राप्त शिकायत की जांच में सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर देहरादून द्वारा गठित ट्रैप टीम ने मंगलवार को जनपद रुद्रप्रयाग के जिला अस्पताल में कार्यरत ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अंकुर ठाकुर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
शिकायत में आरोप था कि डॉक्टर द्वारा विकलांगता प्रमाणपत्र बनवाने के एवज में शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये की मांग की जा रही थी। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की गई। ट्रैप टीम ने अस्पताल परिसर में ही डॉक्टर को शिकायतकर्ता से उक्त रकम ग्रहण करते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
यह मामला सरकारी अस्पताल में विकलांगता प्रमाणपत्र जैसी संवेदनशील सेवा के दुरुपयोग का गंभीर उदाहरण है। सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट होता है कि जनहित से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
