
दुकान में घुसकर वारदात को दिया अंजाम, एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र के शांतरशाह गांव में सोमवार शाम एक बाइक मैकेनिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों की तलाश में जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, शाम करीब 7:10 बजे हैप्पी (25) पुत्र राजकुमार निवासी ग्राम शांतरशाह अपनी मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति चेहरे पर सफेद कपड़ा बांधकर दुकान में पहुंचे और हैप्पी पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी हरिद्वार अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसएसपी ने हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को निर्देशित करते हुए जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए हैं।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
