
श्रमशक्ति नहीं, उत्तराखंड की विकासशक्ति हैं श्रमिक: कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज
श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने की मुहिम तेज, हजारों श्रमिकों का पंजीकरण
मनरेगा श्रमिकों को भी मिलेगा कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ, पंजीकरण अभियान जारी
चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में श्रमिक पंजीकरण और नवीनीकरण अभियान के तहत आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में श्रमिक पहुंच रहे हैं। पिछले चार दिनों में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकासखंडों में 2779 से अधिक श्रमिकों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। बुधवार को तहसील सतपुली स्थित वेडिंग प्वाइंट में श्रम विभाग की ओर से आयोजित पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए विभागीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब तक पात्र श्रमिकों का पंजीकरण और नवीनीकरण पूरा नहीं हो जाता, तब तक प्रक्रिया जारी रखी जाए। उन्होंने कहा कि मनरेगा के 9.5 लाख सक्रिय श्रमिकों को भी उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। 90 दिन कार्य पूरा करने वाले मनरेगा श्रमिक इन योजनाओं के पात्र होंगे। उन्होंने श्रमिकों से नियमित रूप से पंजीकरण का नवीनीकरण कराने की अपील की।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि श्रमिक केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति हैं। प्रदेश के निर्माण और विकास में श्रमिकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘श्रमेव जयते’ मंत्र और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार श्रमिक कल्याण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी पात्र श्रमिक को पंजीकरण या नवीनीकरण के लिए अनावश्यक परेशानी न हो। बोर्ड के अंतर्गत संचालित पुत्री विवाह अनुदान, बच्चों की शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, मातृत्व लाभ, औजार सहायता और दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से शिविर का समय बढ़ाकर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों का पंजीकरण और नवीनीकरण सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक कुमार, ईओ नगर पंचायत सतपुली पूनम, खंड विकास अधिकारी जयहरीखाल रवि सैनी, द्वारीखाल जयकृत बिष्ट सहित बृजमोहन रावत, सुरेंद्र रावत, दिगंबर रावत, वेद प्रकाश वर्मा, अंकित कुमार, गंगा खंतवाल सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
*सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल*
