
रोमांचक फाइनल में सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल को पेनल्टी शूटआउट में 9-8 से हराया
27 वर्षों से फुटबॉल के विकास में योगदान के लिए टेक्निकल डायरेक्टर डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत सम्मानित
देहरादून। इंडियन पब्लिक स्कूल (IPS), राजावाला, देहरादून के फुटबॉल मैदान में आयोजित 8वीं श्री एस.पी. सिन्हा मेमोरियल फुटबॉल चैंपियनशिप-2026 का खिताब पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आईएमए ने अपने नाम किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आईएमए ने सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल को पेनल्टी शूटआउट में 9-8 से हराकर चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर कब्जा किया।


समापन समारोह के मुख्य अतिथि सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के हेडमास्टर डॉ. दिलीप कुमार पांडा एवं इंडियन पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल पीयूष वैष्णव ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
व्यक्तिगत पुरस्कार
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के लिए विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
सर्वाधिक गोल का पुरस्कार: अश्विन डी. एस. लामारे — सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल
सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर: युवराज सिंह — सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: नयन पंवार — पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आईएमए
फेयर प्ले अवॉर्ड: दून वैली इंटरनेशनल स्कूल
12 विद्यालयों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
प्रतियोगिता का आयोजन इंडियन पब्लिक स्कूल, राजावाला द्वारा किया गया। स्कूल के हेड ऑफ स्पोर्ट्स श्री अरुण गुसाईं एवं स्पोर्ट्स इंचार्ज श्री प्रणय ने बताया कि चैंपियनशिप में देहरादून के प्रमुख विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में दून ग्लोबल स्कूल, न्यू एरा एकेडमी, बलूनी पब्लिक स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल, सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल, द टोंस ब्रिज स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल बीरपुर, केवी आईएमए, दून वैली इंटरनेशनल स्कूल, ब्रिस्टॉल स्कूल, तुलास इंटरनेशनल स्कूल तथा केवी ओएनजीसी की टीमों ने हिस्सा लिया।
डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में हुआ सफल आयोजन
चैंपियनशिप के सुचारु, निष्पक्ष एवं सफल संचालन के लिए डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को प्रतियोगिता का टेक्निकल डायरेक्टर एवं चीफ रेफरी नियुक्त किया गया था। वहीं श्री विमल सिंह रावत ने मैच कमिश्नर की जिम्मेदारी निभाई।
प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों का संचालन अनुभवी रेफरियों रणबीर सिंह गुसाईं, वरुण चौहान, उत्कर्ष ज्ञानशुख, अमित कांत टमटा एवं राहुल कैंतुरा द्वारा किया गया।
27 वर्षों से फुटबॉल विकास में महत्वपूर्ण योगदान
समापन समारोह के दौरान टेक्निकल डायरेक्टर डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को पिछले 27 वर्षों से फुटबॉल एवं खेलों के विकास के लिए किए जा रहे निरंतर योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आईपीएस के प्रिंसिपल पीयूष वैष्णव ने कहा कि डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत का खेलों के प्रति योगदान अत्यंत सराहनीय है और इसे हमेशा स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि 57 वर्ष की आयु में भी डॉ. रावत की फिटनेस और खेलों के प्रति उनकी ऊर्जा युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को निखारने तथा अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
