Homeराज्य समाचारदेहरादून कैंट में कांग्रेस की संकल्प यात्रा: राम मंदिर चंदे और...

देहरादून कैंट में कांग्रेस की संकल्प यात्रा: राम मंदिर चंदे और जनसुविधाओं के मुद्दे पर भाजपा को घेरा 

डॉ. हरक सिंह रावत और डॉ. जसविंदर पाल सिंह गोगी ने सड़क, बिजली, पानी और सफाई व्यवस्था को लेकर सरकार पर साधा निशाना

देहरादून कैंट में कांग्रेस की संकल्प यात्रा, भाजपा सरकार पर जमकर बरसे डॉ. हरक सिंह रावत और डॉ. जसविंदर पाल सिंह गोगी

देहरादून,। देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र के कौलागढ़ क्षेत्र में महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा “संकल्प यात्रा” का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और “चंदा चोरी बंद करो”, “राम मंदिर के नाम पर चंदा चोरी का जवाब दो” जैसे नारे लगाए।

संकल्प यात्रा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि भाजपा ने भगवान राम और राम मंदिर के नाम पर जनता की आस्था को राजनीतिक मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के नाम पर देशभर से चंदा लिया गया, इसलिए जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि उस चंदे का हिसाब क्या है और उसका इस्तेमाल किस प्रकार हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के सवालों को मजबूती से उठाती रहेगी और भाजपा से चंदे का पूरा हिसाब मांगा जाएगा।

महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर पाल सिंह गोगी ने कहा कि “देहरादून कैंट विधानसभा की जनता के साथ भाजपा ने धोखा किया है। राम मंदिर के नाम पर चंदा लिया गया, लेकिन जनता आज भी अपने मूलभूत अधिकारों के लिए परेशान है। कांग्रेस का सवाल साफ है—राम मंदिर के चंदे का हिसाब जनता को कब मिलेगा?”

डॉ. गोगी ने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर के नाम पर लोगों की धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल किया, लेकिन देहरादून कैंट विधानसभा की जमीनी हकीकत बेहद खराब है। पूरी विधानसभा में लोग सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में सड़कों की हालत इतनी खराब है कि सड़कों पर गंदगी और कूड़े के ढेर दिखाई देते हैं, नालियों की स्थिति बदहाल है और आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।

उन्होंने कहा, “भाजपा ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज देहरादून कैंट की जनता पूछ रही है कि सड़क कहां है, साफ पानी कहां है, बिजली की बेहतर व्यवस्था कहां है और स्वच्छता व्यवस्था कहां है? जनता को भाषण नहीं, काम चाहिए।”

डॉ. गोगी ने कहा कि कांग्रेस की यह संकल्प यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कैंट विधानसभा की जनता की आवाज को बुलंद करने का अभियान है। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता की समस्याओं को सामने लाएंगे और भाजपा सरकार से जवाब मांगेंगे।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस सड़क, बिजली, पानी, सफाई, जल निकासी और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज करेगी तथा जनता के अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

संकल्प यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव का संकल्प लेने का आह्वान किया।कार्यक्रम के संयोजक महानगर उपाध्यक्ष विपुल नौटियाल थे, इस मौके पर मुख्य रूप से वार्ड अध्यक्ष संजय कुमार, वार्ड अध्यक्ष संजय कुमार, दीप वोहरा, कोमल वोहरा , विजय चौहान, मनोज राणा , आनंद शर्मा, मिथुन रावत, मनोज राणा, शैलेंद्र कुमार, लकी राणा, रतन सिंह रावत, विजय प्रसाद भट्टराई, सपना आदि मौजूद थे

Static 1 Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News