
हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के तीन पानी इलाके में अनियंत्रित होकर ऑटो पलटने से एक 22 वर्षीय युवती की जान चली गई। मृतका की पहचान मीनाक्षी साहू के रूप में हुई है, जो शहर के ही एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। पुलिस द्वारा आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई न करने से नाराज परिजनों ने मंडी चौकी के बाहर हाईवे पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। काम से घर लौट रही थी मीनाक्षी तभी हुआ हादसा परिजनों के मुताबिक, मीनाक्षी बुधवार देर शाम ब्यूटी पार्लर से काम निपटाकर ऑटो से अपने घर तीन पानी लौट रही थी। यात्रा के दौरान चालक ने ऑटो से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सड़क पर पलट गई। ऑटो के नीचे दबने से मीनाक्षी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने मीनाक्षी के शव का पोस्टमार्टम कराया। नशे में था चालक, कोतवाली में सुनवाई न होने पर भड़के परिजन मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के वक्त ऑटो चालक शराब के नशे में धुत था और बेहद लापरवाही से वाहन चला रहा था।
परिजनों का कहना है कि शहर में कई ऑटो चालक नशे की हालत में वाहन दौड़ा रहे हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है।घटना के बाद परिजनों ने हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने समय पर मुकदमा दर्ज नहीं किया, जिससे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हाईवे जाम कर की नारेबाजी, आश्वासन के बाद हुआ अंतिम संस्कार पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जा रहे थे, तभी उन्होंने मंडी पुलिस चौकी के बाहर हाईवे पर शव रखकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क पर शव रखे जाने से मौके पर भारी हंगामा खड़ा हो गया और यातायात बाधित हो गया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले विरोध के बाद पुलिस अधिकारियों ने आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए….
