Homeराज्य समाचारमसूरी में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन समारोह: हजारों बहनों ने मंत्री...

मसूरी में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन समारोह: हजारों बहनों ने मंत्री गणेश जोशी की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र

 

मसूरी में 4 हजार से अधिक की संख्या में पहुंची बहनों ने मंत्री गणेश जोशी को बांधी राखी उनके दीर्घायु की कामना

मसूरी, 25 अगस्त। मसूरी टाउन हॉल में मंगलवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की ओर से रक्षाबंधन समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड की सह प्रभारी रेखा वर्मा तथा राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर रेखा वर्मा ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की कलाई पर राखी बांधी। इसके बाद 4 हजार से अधिक की संख्या में पहुंची बहनों ने मंत्री गणेश जोशी को राखी बांधकर उनके दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की। समारोह में गढ़वाली, कुमाऊंनी और नेपाली सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांधा।

कार्यक्रम में रेखा वर्मा ने मंत्री गणेश जोशी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। वहीं मंत्री गणेश जोशी की धर्मपत्नी निर्मला जोशी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बहनों को राखी के बदले उनकी रक्षा का वचन देते हुए उपहार भेंट किए। उन्होंने सभी बहनों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बहनों के प्यार और आशीर्वाद की वजह से ही उन्हें मसूरी विधानसभा से तीन बार और राजपुर विधानसभा से एक बार विधायक बनने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन उनके जीवन का सबसे आत्मीय और भावनात्मक पर्व है। यह उनके लिए केवल एक पर्व नहीं, बल्कि वह दिन है जब वे स्वयं को मंत्री से पहले एक भाई, बेटे और परिवार के जिम्मेदार सदस्य के रूप में देखते हैं।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उनकी किसी बहन को चोट लगती है तो उसका दर्द उन्हें भी होता है। उन्होंने आगे कहा कि बहनों का स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, जो उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए मातृशक्ति ने भी बड़ा संघर्ष और बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रही है।

मुख्य अतिथि रेखा वर्मा ने कहा कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा रक्षाबंधन का पर्व हर वर्ष बड़े उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया जाता है। कार्यक्रम में उमड़ा बहनों का सैलाब मंत्री गणेश जोशी के प्रति उनके अपार स्नेह और विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि बहनों और मंत्री गणेश जोशी के बीच जिस प्रकार का आत्मीय भाव देखने को मिला, वह अद्भुत है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए सभी को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि रक्षाबंधन आत्मीयता और भाई-बहन के स्नेह का पर्व है। उन्होंने रक्षाबंधन समारोह के आयोजन के लिए मंत्री गणेश जोशी को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन मातृशक्ति के सम्मान का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधासभा चुनाव में यदि रिकॉर्ड मतों से विजय होगी तो वह मसूरी विधानसभा की होगी। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के पर्व पर भाई-बहन की रक्षा के संकल्प के साथ हमें देश की रक्षा का भी संकल्प लेना चाहिए।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, राज्यमंत्री सुनील सैनी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, निर्मला जोशी, वंदना ठाकुर सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रहीं।

Static 1 Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News