
सीएम धामी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया वर्चुअल शुभारंभ, यात्री संख्या बढ़ने पर होगा दैनिक संचालन
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर नियमित संचालन का शुभारंभ किया। सप्ताह में दो दिन संचालित होने वाली यह नई रेल सेवा कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच संपर्क को मजबूत करने के साथ प्रदेश के विकास, पर्यटन और व्यापार को नई गति देने वाली महत्वपूर्ण सौगात मानी जा रही है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रेल सेवा केवल एक नई ट्रेन नहीं, बल्कि कुमाऊं-गढ़वाल के बीच विकास की नई जीवनरेखा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड में रेलवे अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। यह ट्रेन रामनगर से देहरादून के बीच काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए संचालित होगी, जिससे यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में है तथा उत्तराखंड को दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिल चुकी है। वर्ष 2026-27 में राज्य को रेलवे विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट मिला है, जबकि लगभग 39 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस गढ़वाल और कुमाऊं के बीच मजबूत सेतु का कार्य करेगी। उन्होंने घोषणा की कि यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन से बढ़ाकर प्रतिदिन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 से अब तक उत्तराखंड को जोड़ने वाली 20 नई एवं विस्तारित रेल सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं तथा राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, अरविंद पांडे तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
