
पिथौरागढ़। सीमित संसाधनों के बीच भी सपनों को पंख लगाने वाला उत्तराखंड का जांबाज युवा सोशल मीडिया पर छा गया है। पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी क्षेत्र के रहने वाले *विक्की सिंह टोमक्याल* दिन में MMA फाइटर बनने की कड़ी मेहनत करते हैं तो रात में *सिक्योरिटी गार्ड* की नौकरी करके परिवार की जिम्मेदारी निभाते हैं। उनकी इस लगन और जज्बे की कहानी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
विक्की खुले मैदानों में देसी अंदाज में ट्रेनिंग करते दिख रहे हैं। उनके वीडियो लाखों युवाओं को प्रेरित कर रहे हैं। ट्रेनिंग, डाइट और प्रतियोगिताओं का खर्च जुटाने के लिए वे रात की ड्यूटी करते हैं, फिर भी अपने लक्ष्य से एक कदम भी पीछे नहीं हटते।
भारत में ही सपना पूरा करने का संकल्प
कई लोगों ने उन्हें विदेश जाने की सलाह दी, *लेकिन विक्की का कहना है,*
“मैं भारत में रहकर ही अपने सपनों को पूरा करना चाहता हूं। देश में हर खेल को बराबर सम्मान और समर्थन मिलना चाहिए।”
उनकी यह बात न सिर्फ उनके हौसले को दर्शाती है, बल्कि देशभक्ति और जमीनी स्तर पर खेल विकास की मांग भी करती है। उत्तराखंड की पहाड़ी मिट्टी से निकले इस युवा के संघर्ष ने साबित कर दिया है कि सपने हालात नहीं, हौसले से पूरे होते हैं।
सोशल मीडिया यूजर्स उनकी मेहनत को सलाम कर रहे हैं। कई लोग उन्हें सपोर्ट करने और सरकारी मदद दिलाने की अपील भी कर रहे हैं।
विक्की सिंह टोमक्याल जैसे सच्चे जज्बे वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देता है और उम्मीद करता है कि स्थानीय प्रशासन, खेल विभाग तथा खेल प्रेमी इन प्रतिभाओं को उचित मंच और सहयोग प्रदान करेंगे, ताकि उत्तराखंड से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उभर सकें।
