
इंस्पेक्टर मनोज नेगी के नेतृत्व में ऊखीमठ पुलिस की सक्रिय भूमिका, पर्यावरण संरक्षण का अनुपम उदाहरण
रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ: विश्व के सबसे ऊंचाई वाले शिवालय तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम और चंद्रशिला ट्रैक को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को एक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान तुंगनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी अभिषेक मैठाणी जी की भावपूर्ण अपील पर आयोजित किया गया।
अभियान में इंस्पेक्टर मनोज नेगी के नेतृत्व में ऊखीमठ कोतवाली पुलिस, नगर पंचायत ऊखीमठ के कर्मचारियों, तुंगनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों, तुंगनाथ व्यापार मंडल के सदस्यों तथा देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
चोपता से लेकर चंद्रशिला ट्रैक और मंदिर परिसर तक बिखरे प्लास्टिक की बोतलें, रैपर्स, थैलियां और अन्य कूड़े-करकट को एकत्र कर बोरों में भरा गया। बाद में इस कचरे को उचित निस्तारण के लिए चोपता स्थित घोड़ा स्टैंड के पास एक जगह जमा किया गया।
*मुख्य पुजारी की सराहनीय पहल*
मुख्य पुजारी अभिषेक मैठाणी जी की इस पहल की सभी ने सराहना की। अभियान में इंस्पेक्टर मनोज नेगी के नेतृत्व में रुद्रप्रयाग पुलिस की सक्रिय भूमिका की विशेष प्रशंसा की गई। मुख्य पुजारी , मंदिर समिति पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने पुलिस की त्वरित सहभागिता और सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस सफल स्वच्छता अभियान से तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के बीच पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता का सकारात्मक संदेश फैला है।
