
गोपेश्वर, चमोली। गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (GIT), गोपेश्वर, दिव्य हिमगिरि के संयुक्त सहयोग से “हिमालयन डिजिटल क्रिएटर्स’ समिट एवं हिमालयन डिजिटल क्रिएटर एक्सीलेंस अवार्ड-2026” का आयोजन करने जा रहा है। यह आयोजन हिमालयी क्षेत्र के डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, फोटोग्राफर्स, वीडियो निर्माताओं तथा डिजिटल स्टोरीटेलर्स को एक साझा मंच प्रदान करेगा।
इस प्रतिष्ठित पहल का उद्देश्य हिमालयी क्षेत्रों की संस्कृति, पर्यटन, लोक विरासत, पर्यावरण, शिक्षा, उद्यमिता तथा सामाजिक नवाचारों को डिजिटल माध्यमों से वैश्विक पहचान दिलाने वाले रचनाकारों को सम्मानित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ डिजिटल क्रिएटर समुदाय को नेटवर्किंग और सीखने के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
आयोजन में विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिनमें ट्रैवल एवं टूरिज्म क्रिएटर, रील/शॉर्ट वीडियो क्रिएटर, फोटोग्राफी एवं विजुअल स्टोरीटेलिंग, फूड एवं लाइफस्टाइल इन्फ्लुएंसर, कला एवं लोक संस्कृति क्रिएटर, संगीत एवं मनोरंजन, शिक्षा एवं ज्ञान, पर्यावरण एवं सतत विकास, उद्यमिता एवं स्टार्टअप, फैशन एवं लाइफस्टाइल सहित अन्य विशेष श्रेणियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त “पब्लिक चॉइस इन्फ्लुएंसर ऑफ द ईयर”, “इमर्जिंग क्रिएटर/राइजिंग स्टार अवार्ड” तथा “हिमालयन डिजिटल क्रिएटर ऑफ द ईयर” जैसे प्रतिष्ठित सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे।
संस्थान के निदेशक डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन हिमालयी क्षेत्र की सकारात्मक कहानियों, सांस्कृतिक धरोहरों और नवाचारों को डिजिटल मंचों के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, डिजिटल स्टोरीटेलर्स एवं रचनात्मक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और अपनी प्रविष्टियां भेजने का आह्वान किया।
नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है तथा आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 12 जून 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
यह आयोजन न केवल डिजिटल रचनाकारों को सम्मानित करेगा, बल्कि हिमालयी क्षेत्र की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं प्राकृतिक विरासत को नई पहचान देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अधिक जानकारी हेतु:
गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गोपेश्वर
ईमेल: itgopeshwar@gmail.com
मोबाइल: 8755700134
