Homeराज्य समाचारप्रथम IOL खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ भव्य समापन: विजेता खिलाड़ियों और टीमों...

प्रथम IOL खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ भव्य समापन: विजेता खिलाड़ियों और टीमों को किया गया सम्मानित

देहरादून, 30 मई। इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (आईओएल) की प्रथम खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 का समापन शनिवार को रायपुर स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री स्टेडियम में समारोह पूर्वक किया गया। समरोह के मुख्‍य अतिथि आई ओ एल के अध्‍यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तुषार त्रिपाठी थे। समारोह में विभिन्न खेलों के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों तथा टीमों को ट्रॉफी और व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड एक रक्षा सार्वजनिक उपक्रम (डिफेंस पीएसयू) है, जिसके अंतर्गत ऑप्टो इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्ट्री (ओएलएफ), आयुध निर्माणी देहरादून (ओएफडी) और ऑर्डिनेंस फैक्ट्री चंडीगढ़ कार्यरत हैं। संगठन का मुख्यालय रायपुर, देहरादून में स्थित है।

 

आईओएल भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों और आंतरिक सुरक्षा बलों को अत्याधुनिक दृश्य यंत्र उपलब्ध कराता है। वर्ष 2021 में पूर्व आयुध निर्माणी बोर्ड के पुनर्गठन के बाद गठित सात नए रक्षा सार्वजनिक उपक्रमों में आईओएल भी शामिल है।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तुषार त्रिपाठी ने खिलाड़ियों, अधिकारियों और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और स्वस्थ शरीर के साथ ही स्वस्थ मन का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जिस खेल भावना, साहस, धैर्य और कौशल का प्रदर्शन किया, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जीत और हार खेल का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन असली उद्देश्य खेल की भावना और उसके प्रत्येक पहलू को पूरी ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निभाना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल न केवल व्यक्तित्व विकास में सहायक होते हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और आपसी सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं। साथ ही खेल हमारे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभदायक हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आईओएल स्तर पर इस प्रकार का आयोजन पहली बार किया गया है और भविष्य में इसे और अधिक भव्य एवं बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे। अपने 37 वर्षों के सेवाकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने सहयोगियों और कर्मचारियों के प्रति आभार जताया और कहा कि उन्हें अपने पूरे कार्यकाल में सभी का भरपूर सहयोग मिला।
इस प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, हॉकी, क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, टेबल टेनिस, कैरम, बैडमिंटन, साइकिलिंग और एथलेटिक्स सहित कुल 11 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न खेलों का आयोजन आईओएल की तीनों इकाइयों और मुख्यालय द्वारा अलग-अलग स्थानों पर किया गया। प्रतियोगिता में महिला खिलाड़ियों ने भी बैडमिंटन, कैरम, कबड्डी और एथलेटिक्स जैसी स्पर्धाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के प्रमुख परिणामों में वॉलीबॉल, हॉकी और क्रिकेट में ओएलएफ विजेता तथा ओएफडी उपविजेता रही। इंडोर गेम्स में ओएफडी का दबदबा रहा। महिला एवं पुरुष कबड्डी तथा फुटबॉल प्रतियोगिताओं में ऑप्टो इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्ट्री ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि आयुध निर्माणी देहरादून दूसरे स्थान पर रही। मुख्यालय द्वारा आयोजित साइकिलिंग प्रतियोगिता और एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आयुध निर्माणी देहरादून विजेता रही। समारोह में निदेशक संचालन शम्भू शर्मा, निदेशक मानव संसाधन शर्मिष्ठा कौल शर्मा, निदेशक वित्त, तीनों इकाइयों के अधिकारी, खेल अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। इस अवसर पर खेल आयोजन में विशेष योगदान देने वाले वरिष्ठ कमेंटेटर विजय रावत सहित कई अधिकारियों और कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्यालय के खेल अधिकारी एवं उप महाप्रबंधक पी.एस. चौहान ने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों के कारण यह प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी और भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रहेंगे।

Static 1 Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News