नर्सिंग बेरोजगारों को संयम की जरूरत, भाजपा ने दिया न्यायपूर्ण समाधान का भरोसा
सीएम धामी ने पारदर्शिता के साथ सर्वाधिक सरकारी रोजगार देकर बनाया कीर्तिमान: चौहान
देहरादून 11 मई। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने नर्सिंग बेरोजगारों से संयम का आग्रह करते हुए कहा कि सरकार उनकी मांगों के प्रति गंभीर है और जल्दी ही उचित एवं न्यायपूर्ण समाधान किया जायेगा। उन्होंने आंदोलन की आड़ में कांग्रेस के विरोध को राजनैतिक स्टंट करार देते हुए कड़े शब्दों में निंदा की है।
पार्टी मुख्यालय में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि जहाँ एक ओर राज्य सरकार युवाओं के हितों और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य कर रही है, वहीं कांग्रेस हताश होकर युवाओं को भड़काने और प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी एवं उनकी सरकार युवाओं के प्रति संवेदनशील है और प्रदेश के हर युवा की चिंता कर रही है। नर्सिंग भर्ती बेरोजगारों की मांगों को लेकर सरकार अत्यंत गंभीर है और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ उन पर विचार कर रही है। सरकार का प्रयास है कि पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हों।उन्होंने आंदोलनकारी बेरोजगार युवाओं से धैर्य रखने और अनुचित एवं जोखिम वाले कदम उठाने से बचने का आग्रह भी किया है।
चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधा कि कांग्रेस सुर्खियों में आने के लिए लगातार राजनैतिक स्टंट करती हैं। यहां भी पानी की टंकी पर चढ़ना यह दर्शाता है कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। समाधान के लिए गंभीर सुझाव के बजाय ‘इवेंट’ करने के लिए युवाओं की भावनाओं का इस्तेमाल कर रही है। जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब युवाओं की सुध लेने वाला कोई नहीं था, और आज वही लोग अराजकता के सहारे युवाओं को भड़काकर अपनी राजनैतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि *राज्य निर्माण के बाद से सर्वाधिक रोजगार देने का कीर्तिमान हमारी वर्तमान धामी सरकार ने बनाया है। उन्*होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में अब तक की कुल सरकारी नौकरियों से अधिक लगभग 33 हजार नियुक्तियां की गई हैं। भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी और कठोरतम नकल कानून से पारदर्शिता लाई गई है। कोई भी रोजगार से संबंधित लंबित मामला हो उसे प्राथमिकता पर सुलझाया जा रहा है। प्रदेश का युवा समझता है कि उनके असली हितैषी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल झूठ एवं भ्रम फैलाकर अपनी खोई हुई राजनैतिक जमीन तलाश रही है, जबकि भाजपा धरातल पर रोजगार देने का काम कर रही है। उन्होंने आंदोलनरत युवाओं को विश्वास दिलाया है कि धैर्य रखें, सरकार जल्द ही उचित और न्यायपूर्ण समाधान की दिशा में कदम उठाएगी।
मनवीर सिंह चौहान
प्रदेश मीडिया प्रभारी
भाजपा, उत्तराखंड
