प्रसिद्ध गजल गायिका ज्योति शर्मा, सरोद वादक पद्मश्री तेजेंद्र मजमुंदार व शास्त्रीय संगीतज्ञ हिमांशु ने पहले दिन जमाया रंग
मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल व कार्यक्रम अध्यक्ष कांग्रेस उपाध्यक्ष धस्माना ने किया स्मारिका का लोकार्पण
देहरादून: कैंट रोड स्थित लीची बाग में देश के महान गीतकार संगीतकार भारत रत्न पंडित भीमसेन जोशी जी की स्मृति में हर वर्ष आयोजित होने वाले नवें पंडित भीमसेन जोशी संगीत समारोह का कल कार्यक्रम अध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने दीप प्रज्ज्वलित कर व मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य एवं वन मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने स्मारिका का लोकार्पण कर शुभारंभ किया। कलाश्रय सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था के अध्यक्ष हिमांशु दरमोडा ने अतिथियों का स्वागत अंग वस्त्र पहना कर व पुष्प गुच्छ दे कर किया।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में देश की उभरती गजल गायिका हैदराबाद से पधारी ज्योति शर्मा ने मेहंदी हसन , गुलाम अली साहब व बेगम अख्तर द्वारा गाई गजलों से लोगों को झूमने के लिए विवश कर दिया। गुलाम अली साहब की चुपके चुपके रात दिन श्रोताओं ने बहुत पसंद की।
दूसरे सत्र में देश के जाने माने सरोद वादक पद्मश्री तेजेंद्र मजमुंदार ने राग झंझानी बजा कर खूब तालियां बटोरी, उनके साथ तबले में संगत दे रहे तेईस वर्षीय निशित गंगनानी की कला की श्रोताओं ने बहुत तारीफ की व मुख्य अतिथि श्री सुबोध उनियाल ने अपने संबोधन में उनको विशेष रूप से आशीर्वाद दिया।
तीसरे सत्र में शास्त्रीय संगीतज्ञ व कलाश्रय के संस्थापक अध्यक्ष हिमांशु दरमोड़ा की लैंडेड रिदमिस्तान थीम में शास्त्रीय संगीत की अद्भुत प्रस्तुति से पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दुसरे दिन रविवार को सांय साढ़े पांच बजे से निराली कार्तिक का शास्त्रीय गायन, स्वाति सिन्हा का कथक नृत्य व निजामी बंधु की कव्वाली का कार्यक्रम होगा।
इस समारोह में तबला वादक चित्रांक पंत, पंडित योगेश गंगानी, हार्मोनियम में सुमित मिश्रा व समी उल्लाह खां, सितार पर विशाल मिश्रा अपना जलवा बिखेर रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा वन मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने शास्त्रीय संगीत व कला के उत्थान के लिए कलाश्रय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि श्री हिमांशु के नेतृत्व मे प्रदेश के युवा कलाकारों द्वारा संगीत और कला की जो सेवा की जा रही है उसकी जितनी प्रशंसा की जाए वह कम है। कार्यक्रम अध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि कलाश्रय की टीम का संगीत व कला के लिए समर्पण इस बात से साबित होता है कि निरंतर नौ वर्षों से वे पंडित भीमसेन जोशी संगीत समारोह के आयोजन के अलावा वर्ष में तीन चार कार्यक्रम संगीत के आयोजित कर उसमें देश और दुनिया में संगीत, साहित्य और कला के क्षेत्र में लब्ध प्रतिष्ठित हस्तियों को आमंत्रित कर उनकी प्रस्तुतियां करवाते हैं । इस अवसर पर उत्तराखंड के प्रसिद्ध कला साहित्य व संगीत के लिए समर्पित गढ़वाल विश्विद्यालय के पूर्व प्रोफेसर डाक्टर डी आर पुरोहित, पूर्व सूचना आयुक्त व वरिष्ठ पत्रकार श्री योगेश भट्ट, जल संस्थान के पूर्व महाप्रबंधक श्री एस सी पंत, प्रसिद्ध चित्रकार श्रीमती अजली थापा आदि कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का बेहतरीन संचालन श्री अजय जोशी ने किया।
सादर
हिमांशु दरमोड़ा
अध्यक्ष कलाश्रय
