सीएम धामी ने पंतनगर किसान मेले में मडुवे की लस्सी का लिया स्वाद
पंतनगर, ऊधम सिंह नगर में आयोजित 119वाँ अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन
पंतनगर। पंतनगर में आयोजित 119वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंतनगर विश्वविद्यालय के एक स्टॉल पर पहुंचकर मडुवे (रागी) की लस्सी का आनंद लिया। इस दौरान पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान मुख्यमंत्री को विश्वविद्यालय के स्टॉल पर ले गए, जहां उन्होंने उन्हें मडुवे की लस्सी का सेवन कराया।



मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि मोटे अनाज, विशेषकर मडुवा, को प्रोत्साहित करने से किसानों की आय बढ़ेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में मोटे अनाज को लेकर किसानों में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है और कई किसान पारंपरिक खेती की ओर फिर से आकर्षित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने मडुवे की लस्सी के स्वाद की सराहना करते हुए इसे पौष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक पेय बताया। उन्होंने लोगों से ऐसे पारंपरिक और पोषक उत्पादों को अपने आहार में शामिल करने की अपील की। साथ ही कहा कि राज्य सरकार स्थानीय उत्पादों और मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जिससे किसानों को बेहतर बाजार और आय के अवसर मिल सकें।
सीएम धामी ने कहा कि हमारे किसान भाई केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के नायक हैं, जिनका परिश्रम और समर्पण प्रेरणादायक है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री Narendra Modi जी की प्रेरणा से हमारी सरकार भी किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में किसानों को तीन लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज के उपलब्ध कराया जा रहा है, कृषि उपकरणों की खरीद के लिए फार्म मशीनरी योजना के अंतर्गत सब्सिडी दी जा रही है तथा किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ते हुए उन्हें तकनीकी रूप से दक्ष बनाया जा रहा है। शहद उत्पादन के क्षेत्र में उत्तराखंड देश में आठवें स्थान पर पहुंच चुका है और मौन पालन में भी अपार संभावनाएं मौजूद हैं। हमारी सरकार का संकल्प है कि किसानों को सशक्त बनाते हुए कृषि को अधिक समृद्ध, आधुनिक और लाभकारी बनाया जाए।
इस अवसर पर माननीय विधायक श्री तिलकराज बेहड़ जी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अजय मौर्या जी, मेयर श्री विकास शर्मा जी, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री कमल जिंदल जी उपस्थित रहे।
