व्यूज एवं रीच बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया था धमकी भरा आपत्तिजनक पोस्ट, पुलिस ने तत्काल लिया संज्ञान
पौड़ी गढ़वाल। दिनांक 08.02.2026 को दीपक कुमार, निवासी कोटद्वार, द्वारा कोतवाली कोटद्वार में एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिसमें उनके द्वारा बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से उन्हें जान से मारने के संबंध में ₹02 लाख का इनाम देने की धमकी दी गई है।
प्रकरण की गंभीरता के दृष्टिगत पौड़ी पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी के विरुद्ध कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्यवाही शुरू की गई। तकनीकी एवं आवश्यक सूचनाओं के माध्यम से की गई जांच में सोशल मीडिया पर उक्त पोस्ट प्रसारित करने वाले युवक की पहचान उत्कर्ष कुमार, निवासी- मोतीहारी, बिहार के रूप में हुई थी। जिसके पश्चात पुलिस टीम द्वारा बिहार पुलिस से निरंतर संपर्क एवं समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित कार्यवाही की गई तथा बिहार पुलिस के सहयोग से उक्त युवक को नजदीकी थाने लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान युवक द्वारा बताया गया कि उनके सोशल मीडिया पर फॉलोवर नहीं बढ़ रहे थे और दीपक नामक व्यक्ति सोशल मीडिया में ट्रेंडिंग में चल रहा था जिस कारण सोशल मीडिया पर प्रसारित उक्त पोस्ट उनके द्वारा केवल अपने सोशल मीडिया चैनल की व्यूज एवं रीच बढ़ाने के उद्देश्य से की गई थी जिससे उनके फॉलोवर और बढ़ जाएं तथा वीडियो में व्यक्त की गई जान से मारने की धमकी का किसी भी प्रकार का वास्तविक आपराधिक आशय नहीं था। इस प्रकरण में पौड़ी पुलिस टीम द्वारा युवक के विरूद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
