जम्मू-कश्मीर। जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमें भारतीय सेना के 10 जवान शहीद हो गए, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा भद्रवाह–चंबा मार्ग पर खन्नी टॉप के पास उस समय हुआ, जब सेना का वाहन ऑपरेशनल ड्यूटी के लिए रवाना हुआ था।
जानकारी के अनुसार, सेना का वाहन दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में तेज और खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित होकर लगभग 400 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में कुल 20 जवान सवार थे। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौके पर ही 10 जवानों की जान चली गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम इलाके के बावजूद राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रहा। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में घायल 10 जवानों को पहले उप जिला अस्पताल भद्रवाह ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित सेना के कमांड अस्पताल भेजा गया है।
