देहरादून: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज उत्तराखंड के दौरे पर रहे। इस दौरान उपराष्ट्रपति सी पी. राधाकृष्णन ने देहरादून में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) बीसी खंडूड़ी से मुलाकात की। उपराष्ट्रपति देहरादून स्थित उनके आवास पहुंचे थे, जहां उन्होंने उनसे मुलाकात करते हुए उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
उपराष्ट्रपति सीपी. राधाकृष्णन ने लोकसभा सदस्य के रूप में मेजर जनरल खंडूड़ी के साथ बिताए पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने संसद में साथ काम करने की मधुर यादें साझा करते हुए एक विशेष किस्से का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि सांसद रहते हुए उन्होंने तत्कालीन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री मेजर जनरल खंडूरी से तमिलनाडु की कुछ महत्वपूर्ण राज्य राजमार्गों को राष्ट्रीय राजमार्ग में परिवर्तित करने का अनुरोध किया था, जिसे मेजर जनरल खंडूड़ी ने तत्परता से स्वीकार कर लिया था।उपराष्ट्रपति ने मेजर जनरल खंडूड़ी के दूरदर्शी निर्णयों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
